Ghansyam Sharma / Tue, Mar 30, 2021 / Post views : 176
रायपुर। शराब दुकान में ग्राहकों की पिटाई का मामला सामने आया है। रायपुर के रावाभाठा स्थित शराब दुकान के कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दरअसल ओवर रेट का विरोध करने पर दो युवकों से शराब दुकान के कर्मचारियों ने पिटाई की थी।
जानकारी के अनुसार, खमतराई थाना इलाके में स्थित रावाभाठा देशी शराब दुकान में दो युवक शराब लेने गए थे। दुकान में अधिक दाम पर शराब बेची जा रही थी, जिसका दोनों युवकों ने विरोध किया। इसके बाद शराब दुकान के कर्मचारियों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। घटना में एक युवक के सर पर चोट आई है।
एडिशनल एसपी सिटी लखन पटले ने बताया कि शराब दुकान के सामने स्टाफ और ग्राहकों के बीच विवाद हुआ था। इसमें शराब दुकान के कर्मचारी रमेश सहारे और उसके साथियों पर केस दर्ज किया गया है। होली के दिन शराब दुकान बंद रहने की वजह से शराब दुकानों में काफी भीड़ उमड़ पडी थी।
शहर के मोवा, तेलीबांधा सहित कई शराब दुकानों में शराब लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी पड़ी थी। कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। मदिरा प्रेमी मास्क का उपयोग नहीं करने के साथ शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं कर रहे थे।
बता दें कि होली पर शराब की बिक्री आम दिनों की तुलना में अधिक होती है। रंगोत्सव के दौरान शौकीनों के जमकर जाम छलकाया और तीन दिनों में 25 करोड़ रुपये से अधिक की शराब गटक गए। बिक्री में जोरदार इजाफा होने से आबकारी विभाग का राजस्व भी बढ़ा है। शराब दुकानों में तीन दिनों तक अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। सबसे ज्यादा शनिवार को भीड़ रही है। होली के दिन शराब दुकानें बंद हैं, इसलिए लोगों ने पहले ही इंतजाम कर लिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन