Ghansyam Sharma / Mon, Sep 1, 2025 / Post views : 164
दंतेवाड़ा। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित जिलों दंतेवाड़ा और बस्तर का हवाई व जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का अवलोकन किया और राहत व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुँचना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
साय चूड़ीटिकरा पारा के अस्थायी राहत शिविर पहुँचे और पीड़ित परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याएँ सुनीं। उन्होंने प्रशासन को पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित आवास, राशन, बर्तन व कपड़ों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मकान की मरम्मत अथवा नए मकान निर्माण हेतु समय पर सहायता राशि देने और फसल क्षति व पशुधन हानि का शीघ्र आंकलन करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त पुल व सड़कों का निरीक्षण कर शीघ्र बहाली का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों की विशेष देखभाल पर जोर दिया।
स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण कर उन्होंने दवाइयों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। साय ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को नियमित स्वास्थ्य सुविधा मिले और जलजनित रोगों पर निगरानी रखी जाए। साथ ही पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन और प्रभावित वार्डों में साफ-सफाई अनिवार्य रूप से की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन