Ghansyam Sharma / Fri, Jan 30, 2026 / Post views : 253
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
कोंडागांव जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केशकाल की संयुक्त टीम ने धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। निरीक्षण में कई केंद्रों पर मानक से अधिक तौल किए जाने की शिकायतें सही पाई गईं, जिससे किसानों को नुकसान होने की बात सामने आई।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भौतिक सत्यापन एवं एग्रीटेक प्रक्रिया में देरी के कारण कोंडागांव ब्लॉक के हजारों किसान अब तक धान विक्रय से वंचित हैं। उनका कहना है कि यदि धान खरीदी की समय-सीमा में वृद्धि की जाए और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए, तो शत-प्रतिशत किसानों का धान खरीदा जा सकता है और किसानों को राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने भुगतान में विलंब, टोकन व्यवस्था की खामियां और केंद्रों पर अव्यवस्थाओं की भी जानकारी दी। कांग्रेस ने इन समस्याओं को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।
वहीं, केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून में किए जा रहे प्रस्तावित बदलावों को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। नेताओं का कहना है कि इन बदलावों से ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को बिना किसी बदलाव के यथावत लागू रखा जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों को निरंतर रोजगार और मजदूरी की गारंटी मिलती रहे।
किसान एवं मजदूर हितों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी द्वारा एक दिवसीय धरना एवं सांकेतिक चक्काजाम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने, तौल में अनियमितताओं पर रोक लगाने तथा मनरेगा कानून को बिना बदलाव लागू रखने की प्रमुख मांगें शामिल रहीं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन