Ghansyam Sharma / Wed, Apr 9, 2025 / Post views : 218
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
सकल जैन समाज के तत्वावधान में आज ओसवाल भवन, कोण्डागांव में एक भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया गया। यह कार्यक्रम बुधवार प्रातः 8:01 बजे से 9:36 बजे तक चला, जिसमें कोण्डागांव सहित भारत के विभिन्न राज्यों और विश्व के आठ देशों से लोगों ने एक साथ जाप किया।
इस पावन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सकल जैन समाज के अध्यक्ष हरीश गोलछा एवं महामंत्री मनोज जैन ने बताया कि यह आयोजन विश्व में शांति, भाईचारा और आध्यात्मिक जागृति के उद्देश्य से किया गया। यह पहली बार हुआ जब नवकार मंत्र का जाप इतने विशाल स्तर पर एक समय पर विभिन्न देशों में एक साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली से किया। उन्होंने इस अवसर पर जैन समाज की अध्यात्मिक परंपराओं और नवकार मंत्र की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए इसे भारत की सनातन आध्यात्मिक विरासत का अभिन्न अंग बताया।
इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ओसवाल भवन मंत्रोच्चारण से गुंजायमान रहा और सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। कार्यक्रम के अंत में प्रार्थना की गई कि नवकार महामंत्र के प्रभाव से सम्पूर्ण विश्व में शांति, सद्भाव और प्रेम का विस्तार हो।
देखें वीडियो---
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन