Ghansyam Sharma / Wed, Sep 10, 2025 / Post views : 200
केशकाल। पत्रिका लुक ( नरेंद्र सेठिया)
कलार समाज शाखा केशकाल ने थाना प्रभारी कोण्डागांव को ज्ञापन सौंपकर मनोज कुमार मांडवी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समाज का आरोप है कि ग्राम बुदेली, तहसील नरहरपुर (जिला कांकेर) निवासी मनोज मांडवी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर कलार समाज के खिलाफ जातिसूचक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए आपत्तिजनक पोस्ट किए हैं।
आवेदन में कहा गया है कि आरोपी ने न केवल समाज विशेष बल्कि देवी–देवताओं, भारत देश, संविधान और कानून की प्रक्रिया के खिलाफ भी अमर्यादित व अशोभनीय टिप्पणियां की हैं। इन पोस्ट से समाजजन गहराई से आहत हुए हैं और भारी आक्रोश व्याप्त है।
कलार समाज शाखा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समाज या संविधान के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने से बचे। समाज ने यह भी कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इससे सामाजिक सौहार्द्र पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
ज्ञापन के साथ सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए गए हैं। संगठन ने आरोपी के खिलाफ शीघ्र रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन