Ghansyam Sharma / Fri, Jul 23, 2021 / Post views : 162
कवर्धा। प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर अपने एक दिवसीय कबीरधाम प्रवास के दौरान शुक्रवार को विश्राम भवन में 33 हितग्राहियों को नवीनीकृत पट्टा का वितरण किया गया. मोर जमीन मोर मकान योजना के तहत पक्के मकान का सपने को हकीकत में तब्दील होते देख हितग्राहियों की आंखें इस दौरान डबडबा गई.
नवीनीकृत पट्टा का वितरण करते हुए मंत्री अकबर ने बताया कि योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों को बुनियादी सुविधाओं के साथ पक्के आवास उपलब्ध कराना है. “प्रधानमंत्री आवास योजना-सबके लिए आवास मिशन“ में आवास निर्माण के 4 मॉडल उपलब्ध हैं. भूमि का संसाधन के रुप में उपयोग करते हुए स्थायी झुग्गी बस्तियों का पुनर्विकास, ऋण के ब्याज दर में अनुदान द्वारा कमजोर आय वर्ग/निम्न आय वर्ग के लिए किफायती आवास निर्माण को प्रोत्साहन, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों की भागीदारी से किफायती आवास निर्माण और हितग्राही द्वारा स्वयं आवास निर्माण के लिए अनुदान है.
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा चतुर्थ मॉडल “हितग्राही द्वारा स्वयं आवास निर्माण“ के क्रियान्वयन के लिए “मोर जमीन-मोर मकान योजना“ प्रारंभ की गई है. इस योजना के अन्तर्गत हितग्राही के स्वामित्व की भूमि, पट्टे, आबादी की भूमि पर अथवा जिस पर कच्चा आवास निर्मित है, उसमें 30.00 वर्गमीटर कारपेट एरिया के पक्के आवास का निर्माण करने अथवा अधिकतम 21.00 वर्गमीटर कारपेट एरिया तक पक्का आवास उपलब्ध होने पर अतिरिक्त 9.00 वर्गमीटर कारपेट एरिया के विस्तार किये जाने का प्रावधान है.
यह योजना प्रदेश के सम्पूर्ण 168 नगरीय निकायों में चरणवार लागू होगी. प्रथम चरण में चयनित 36 नगरीय निकायों में लागू की जा रही है. ऐसे पात्र हितग्राही, जिन्होंने डिमांड असेसमेंट सर्वे में हितग्राही द्वारा स्वयं आवास निर्माण को चयनित किया है, उन्हें इस योजना के तहत् 30 वर्ग मीटर कारपेट एरिया तक के आवास का नव-निर्माण, विस्तार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराया जाएगा.
विश्राम भवन में कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के हाथों पट्टा मिलने के बाद हितग्राहियों के चेहरे में खुशी आ गई. उन्होंने बताया कि कमजोर तथा निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए पक्का मकान जीवन भर का सपना होता है. खुशी की बात है कि इस सपने को सहकारी मदद से हकीकत में बदला जा रहा है. पक्के मकान का सपना पूरा होने से उनका पारिवारिक जीवन सुखमय हो गया है.
इस अवसर पर नीलकंठ चंद्रवंशी, कलीम खान, नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा, तुकाराम चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जमील खान, सभापति प्रमोद लूनिया, चुनवा खान, अशोक सिंह, मोहित माहेश्वरी, सुनील साहू, एल्डरमैन दलजीत पाहुजा, कौशल कौशिक, जाकिर चौहान, होरी साहू, सुधीर केशरवानी, आकाश केशरवानी, लेखा राजपूत, विकास केशरी, प्रशांत परिहार, लक्की कादरी, नदीम अंसारी, कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, जिला पंचायत सीईओ विजय दयाराम के., डीएफओ दिलराज प्रभाकर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन