Ghansyam Sharma / Mon, Oct 26, 2026 / Post views : 24
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले ग्राम पंचायत जोबा के शासकीय प्राथमिक शाला बड़ेउसरी में शिक्षकों की कमी को लेकर पालकों और ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में करीब 40 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए केवल एक शिक्षिका पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि वह भी लंबे समय से छुट्टी पर हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर संकुल प्रभारी स्कूल पहुंचे। उन्होंने बताया कि विद्यालय में एक शिक्षिका पदस्थ हैं, जो एक दिन की छुट्टी लेकर गई थीं। हालांकि, उनके अनुसार शिक्षिका के लगभग दो महीने से छुट्टी पर होने की बात सामने आ रही है। उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है। संभवतः शिक्षिका ने खंड शिक्षा अधिकारी, कोण्डागांव को आवेदन देकर छुट्टी ली होगी।
संकुल प्रभारी ने बताया कि शिक्षिका की छुट्टी के दौरान उन्होंने एक अन्य शिक्षक को स्कूल में पढ़ाने के लिए भेजा था। यदि उन्हें जानकारी होती कि विद्यालय में शिक्षक उपलब्ध नहीं है, तो वे किसी दूसरे शिक्षक को तैनात कर देते। उन्होंने कहा कि आज शिक्षक नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने स्कूल में ताला लगा दिया है। इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी।
इधर, ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की कमी को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब सवाल यह है कि करीब 40 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति में शिक्षा विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं सुनिश्चित की? शिक्षिका की छुट्टी की वास्तविक अवधि और स्वीकृति को लेकर भी विभागीय स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और बड़ेउसरी के बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कब तक शिक्षक की व्यवस्था की जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन