Ghansyam Sharma / Mon, Jul 14, 2025 / Post views : 191
फरसगांव पुलिस ने ऑनलाइन-ऑफलाइन करोड़ों की ठगी करने वाला अंतरराज्यीय ठग को किया गिरफ्तार
कोण्डागांव/ फरसगांव। पत्रिका लुक
थाना फरसगांव पुलिस ने करोड़ों रुपए की ऑनलाइन और ऑफलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी सेना के जवानों सहित आम लोगों को बड़े-बड़े बंगले और पैसे का लालच देकर अपने जाल में फंसाकर ठगी करता था।
गिरफ्तार आरोपी खिलेन्द्र कश्यप (उम्र 26 वर्ष), निवासी कोरगांव, थाना विश्रामपुरी, जिला कोण्डागांव, छत्तीसगढ़ को ग्राम सुलेंगा, नारायणपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने सेना के जवानों और आम नागरिकों से करोड़ों की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 02 मोबाइल फोन, 01 एप्पल लैपटॉप, 01 एप्पल आईपैड, 02 एटीएम कार्ड और ₹1500 नगद बरामद किए हैं।
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब प्रार्थी जगदीश्वर मरकाम, निवासी सिरसीकलार हल्दीबेड़ा, ने 17 दिसंबर 2024 को फरसगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने 11 अगस्त 2023 को उसे ऑनलाइन मार्केटिंग के नाम पर 4.50 लाख रुपये की ठगी की है। शिकायत पर धारा 420 के तहत अपराध क्रमांक 171/2024 पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देश पर एडिशनल एसपी कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी संजय सिन्दे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार 7 माह तक आरोपी की तलाश की गई। आरोपी दुबई, मलेशिया, दिल्ली, नोएडा सहित विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा, पर अंततः उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह “Diversified Multinational Group of Businesses” के नाम पर विदेशी होटलों, कपड़ों और अन्य कारोबारों की आड़ में आम जनता व सेना के जवानों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस उल्लेखनीय कार्यवाही में निरीक्षक संजय सिन्दे, पिताम्बर कठार, रजउराम सूर्यवंशी, आरक्षक बासुराम मरकाम और महिला आरक्षक सरस्वती यादव की विशेष भूमिका रही।
सोत्रpropolicekgn
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन