Ghansyam Sharma / Tue, May 11, 2021 / Post views : 154
दंतेवाड़ा । जिले के एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने दावा किया है कि दो से तीन दिन के अंदर 08 से 10 नक्सलियों की मौत फूड पॉॅयजनिंग और कोरोना संक्रमण से हुई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि करीब 15 दिन पहले बीजापुर-सुकमा बॉर्डर पर गंगालूर क्षेत्र में नक्सलियों की बड़ी बैठक की जानकारी मिली थी, इस मीटिंग में 400-500 नक्सली शामिल हुए थे। इसके बाद नक्सलियों में फूड पॉॅयजनिंग और कोरोना संक्रमण की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि सूत्रों से पता चला है कि गांव वालों ने 08 से 10 नक्सलियों का शव जलते देखा है।
दंतेवाड़ा एसपी डॉ.अभिषेक पल्लव ने कहा कि नक्सली लगातार गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से मीटिंग कर रहे हैं, इससे ग्रामीणें में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है। नक्सलियों ने सड़क काट दी है, ऐसे में गांव वालों की मदद करना मुश्किल होगा। एसपी ने नक्सलियों से अपील की है कि वे आत्मसमर्पण करें, पुलिस प्रशासन की मदद से उन्हें इलाज मुहैया कराया जाएगा। इससे नक्सलियों की जान भी बचेगी, और ग्रामीण भी महामारी के खतरे से निकल पाएंगे। एसपी ने कहा कि नक्सलियों ने फिलहाल प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की है। जिस तरह से उन्होंने चुप्पी साध रखी है, इससे यह स्पष्ट है कि बड़ी संख्या में नक्सली कोरोना से पीडि़त हैं और स्थिति गंभीर है। एसपी का कहना है कि मरने वाले नक्सलियों के नामों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। जिन नक्सलियों की मौत हुई है वे दक्षिण बस्तर इलाके के हैं। उनके नामों के बारे में पता किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन