Ghansyam Sharma / Sat, Jun 14, 2025 / Post views : 241
भाई से कहासुनी में हुई बड़े भाई की हत्या, आरोपी छोटे भाई को पुलिस ने भेजा जेल
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
थाना माकड़ी क्षेत्र के ग्राम ओण्डरी नयापारा में आपसी विवाद के चलते छोटे भाई द्वारा बड़े भाई की गैती से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीराम सोरी ने थाना माकड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जून की शाम उसका बेटा दुर्जन सोरी रोज की तरह शराब के नशे में घर पहुंचा और घर में गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान छोटा बेटा बिरेन्द्र सोरी भी पहुंचा और दोनों भाइयों के बीच काम को लेकर कहासुनी हो गई। बहस धीरे-धीरे धक्का-मुक्की में बदल गई, जिसे घर वालों ने बीच-बचाव कर शांत कराया।
रात को सभी खाना खाकर सो गए। देर रात चीखने की आवाज सुनकर प्रार्थी जागा तो देखा कि बिरेन्द्र कमरे से बाहर भाग रहा था। अंदर जाकर देखा तो दुर्जन के सिर से खून बह रहा था और उसके सिर में गैती फंसी हुई थी। आनन-फानन में घरवालों और ग्रामीणों की मदद से घायल दुर्जन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बिरेन्द्र ने परिजनों को धमकाया की डॉक्टर के पूछने पर बता देना की एक्सीडेंट हुआ है ओर उसका नाम लिया गया तो वह पूरे परिवार को खत्म कर देगा।
अस्पताल में घायल की हालत गंभीर होने पर डिमरापाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही दुर्जन की मौत हो गई। पुलिस को शुरू में एक्सीडेंट की सूचना दी गई, पर बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आगे बढ़ाई गई।
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में माकड़ी पुलिस द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी बिरेन्द्र सोरी (21 वर्ष) को 12 जून को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी को 13 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन