Ghansyam Sharma / Sun, Sep 13, 2026 / Post views : 172
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
आम लोगों की सुविधा के लिए लगाए गए सौर ऊर्जा संचालित पोल की देखरेख के प्रति जिम्मेदार विभाग की लापरवाही सामने आ रही है। बड़े कनेरा तिराहा से नेशनल हाईवे की ओर जाने वाली सड़क पर सौर ऊर्जा का पोल पिछले कुछ दिनों से धराशायी पड़ा हुआ है। इसके बावजूद संबंधित विभाग के जिम्मेदारों की नजर अब तक इस ओर नहीं पड़ी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे लगा यह सौर ऊर्जा पोल रात के समय राहगीरों के लिए रोशनी का महत्वपूर्ण साधन था। पोल गिरने के बाद रात में मार्ग का एक हिस्सा अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय दोपहिया वाहन चालकों और पैदल आने-जाने वालों के लिए स्थिति असुविधाजनक बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि पोल गिरने के कई दिन बाद भी उसे दोबारा खड़ा करने अथवा हटाने की कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सार्वजनिक सुविधा के लिए लगाए गए सौर ऊर्जा पोल की देखरेख की जिम्मेदारी आखिर किसकी है।
लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द पोल को पुनः स्थापित कर सौर लाइट व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है, ताकि रात में राहगीरों को होने वाली परेशानी दूर हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन