Ghansyam Sharma / Sun, Apr 4, 2021 / Post views : 456
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रति दस लाख की आबादी में रोजाना कोरोना जांच में देश में तीसरे स्थान पर है। इस मामले में केवल महाराष्ट्र और गुजरात ही छत्तीसगढ़ से आगे हैं। प्रदेश में रोजाना प्रति दस लाख की आबादी पर औसत 1409 सैंपलों की जांच की जा रही है। कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए अब तक यहां कुल 58 लाख 32 हजार 740 सैंपलों की जांच की जा चुकी है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की शुरूआत के बाद से अब तक प्रति दस लाख की जनसंख्या के पीछे जांच में भी छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में है। यहां इसका औसत दो लाख तीन हजार 61 सैंपल जांच प्रति दस लाख की आबादी पर है। इस मामले में छत्तीसगढ़ देश के कई बड़े राज्यों उत्तरप्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल से आगे है।
इधर, पूरे प्रदेश में बहुप्रतीक्षित एमबीबीएस की परीक्षाएं कोरोना संक्रमण काल में शुरू है। दुर्ग जिले में लॉकडाउन के कारण दो मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस परीक्षार्थियों को आवागमन में तकलीफ हो सकती है। इसको ध्यान में रखते हुए कई संगठनों और अभिभावकों ने मांग की कि एमबीबीएस परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड को ही पास मानकर अनुमति दी जाए ताकि लॉकडाउन में परेशानी न होने पाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन