Ghansyam Sharma / Wed, Aug 6, 2025 / Post views : 176
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( मो.शकील सिद्दीकी)
जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के खिलाफ पुतला दहन कर तीव्र विरोध दर्ज कराया। कांग्रेसियों ने कांग्रेस भवन से रैली निकालकर बस स्टैंड पर पहुँच मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें भ्रष्टाचारियों का संरक्षण देने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल परिसर में खड़ी 9 एम्बुलेंस प्रशासनिक लापरवाही के चलते अब तक उपयोग में नहीं लाई जा रही हैं। इनमें से कई वाहन 2020 के बाद खरीदे गए हैं, जो बीएस-4 मानक के अंतर्गत नहीं आते। कांग्रेस ने कहा कि मंत्री जायसवाल मीडिया के सवालों पर बेतुका बयानबाजी कर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि करोड़ों की लागत से खरीदी गईं एम्बुलेंस धूल खा रही हैं और जनता स्वास्थ्य सुविधा से वंचित है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एम्बुलेंसों की खरीदी डीएमएफटी, रूबर्न मिशन, बस्तर विकास प्राधिकरण, सांसद और विधायक निधि से की गई थी। यदि गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आई तो इसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही। यह मंत्री के संरक्षण के बिना संभव नहीं है।
कांग्रेसियों का कहना है कि कोण्डागांव विधायिका सुश्री लता उसेंडी ने भी विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया था। कांग्रेस का कहना है कि अब समय आ गया है कि मंत्री जी जनता को जवाब दें और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करें।
पुतला दहन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम, महामंत्री रितेश पटेल, जेपी यादव, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन