Ghansyam Sharma / Fri, Oct 3, 2025 / Post views : 183
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को बिजली बिलों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में केशकाल बिजली ऑफिस का घेराव किया। कार्यकारी अध्यक्ष रतिराम मरकाम के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रभारी देवचंद मातलाम ने मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार ने घरेलू खपत पर 10 से 20 पैसे, गैर घरेलू पर 25 पैसे और कृषि पंप पर 50 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी कर उपभोक्ताओं और किसानों पर बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पहले से खाद, बीज और बिजली कटौती से परेशान किया जा रहा है और अब महंगी बिजली देकर उनकी कमर तोड़ी जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना और सब्सिडी के ज़रिए उपभोक्ताओं को राहत दी थी, जबकि भाजपा सरकार आए दिन कटौती और दरवृद्धि कर रही है। उन्होंने केंद्र की नीतियों, कोयले के दाम और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को भी जनता के शोषण से जोड़ा।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मरकाम, पार्षद राजेंद्र ठाकुर, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव श्रीपाल कटारिया सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दर वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में तेज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन