Ghansyam Sharma / Mon, Nov 3, 2025 / Post views : 198
सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियाँ
कोण्डागांव । पत्रिका लुक (सरला यादव)
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का भव्य शुभारंभ रविवार को विकास नगर स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेण्डी रहीं। समारोह की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ की गई।
मुख्य अतिथि उसेण्डी ने राज्योत्सव पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं विभागीय उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया गया। सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ के विविध लोकनृत्यों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव की शुभकामनाएँ दीं और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। पिछले 25 वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए आज ‘सुपोषित जीवन अभियान’ की शुरुआत की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे पूरा करने में समाज की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनसहयोग मिलने पर परिणाम और बेहतर प्राप्त होते हैं। सुश्री उसेण्डी ने अभियान में समाज की सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में कुपोषित बच्चों को सुपोषित स्तर में लाने में सभी आगे आएँ।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में ‘दीदी की रसोई’ का शुभारंभ किया गया है, जिससे अब मरीजों के परिजनों को पौष्टिक भोजन आसानी से उपलब्ध होगा। इस कार्य में भी समाज का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है और यदि आम नागरिक भी योजनाओं से जुड़ें तो जिले के विकास की गति और तेज होगी।
कलेक्टर मती नूपुर राशि पन्ना ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि जिले में नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल – पाम ऑयल के तहत बड़ी संख्या में किसान आगे आ रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना जिले में प्रभावी रूप से लागू की जा रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों से अपील की कि सभी अपने घरों में सोलर प्लांट स्थापित कर नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग बढ़ाएँ, जिससे ऊर्जा की बचत के साथ प्रदूषण में कमी आएगी। कलेक्टर ने कहा कि जिले में विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है और आगे भी टीम भावना के साथ सभी योजनाओं में अग्रणी बनने का संकल्प लेना होगा।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरपति पटेल ने जिलेवासियों को रजत महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि जिले के गठन के बाद कोण्डागांव में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास हुआ है। पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने भी राज्योत्सव एवं रजत महोत्सव की शुभकामनाएँ दीं।
सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं ने आकर्षक लोक नृत्यों की प्रस्तुतियाँ दीं। चिरैया लोकमंच की टीम ने छत्तीसगढ़ी एवं बस्तर की पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, रामदई नाग, दीपेश अरोरा, जनपद अध्यक्ष अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर, शसंतोष पात्र, जीतू सुराना, कुलवंत चहल, गोपाल दीक्षित, हिना श्रीवास्तव, पार्षद अश्वनी पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओअविनाश भोई, एडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन