Ghansyam Sharma / Wed, May 12, 2021 / Post views : 144
रायपुर। बुधवार को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने सिविल लाइन्स स्थित निवास स्थान से वर्चुअल माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से जुड़े। इस वर्चुअल बैठक में कोरिया जिले में ही आरटी-पीसीआर परीक्षण को पूरा करने के उद्देश्य के साथ वॉयरोलॉजी लैब का उद्घाटन किया गया। कोविड परीक्षण के लिए वॉयरोलॉजी लैब एक विशिष्ठ प्रक्रिया है। ऐसे लैब के स्थापना के लिए AIIMS रायपुर तथा ICMR दिल्ली की स्वीकृति की आवश्यकता होती है।
कोरिया जिलें में वॉयरोलॉजी लैब की स्थापना करने के लिए ICMR दिल्ली से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। अब इन जिलों के जनमानस को त्वरित ही कोविड जांच रिपोर्ट मिल जाएगी तथा संक्रमित मरीजों को जल्द-जल्द आईसोलेट किया जा सकेगा साथ ही साथ समय पर ईलाज भी प्रारंभ किया जा सकेगा।
इस वर्चुअल बैठक में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह हम सब के लिए उपलब्धि का दिन है कि कोरिया जिले को वॉयरोलॉजी लैब प्राप्त हुई है, गोल्ड स्टैंडर्ड टेस्टिंग माने जाने वाली आरटी-पीसीआर जांच के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कोरिया जिले में बैकुंठपुर में स्थापित किया है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि तो कोरिया और बैकुंठपुर के जनप्रतिनिधियों ने यह राह सुनिश्चित की, जिसका अनुसरण करके छत्तीसगढ़ सरकार आने वाले समय में और भी वायरोलॉजी लैब स्थापित करने जा रही है।
इस दिशा में क्रमशः जशपुर, चांपा-जांजगीर, बलौदा-बाजार, दुर्ग और दंतेवाड़ा इन पांच जिलों के लिए भी स्वास्थ्य विभाग के कार्य जारी हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बालोद और मुंगेली जिलों में भी आरटी-पीसीआर जांच के लिए वायरोलॉजी लैब स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे अच्छी गुणवत्ता और अधिक संख्या में टेस्ट करके नागरिकों को सुविधा मुहैया करा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इस अवसर पर आप सभी विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए लोकार्पण के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस वर्चुअल बैठक में शहरी विकास मंत्री शिव डहरिया, लोकसभा सांसद ज्योत्स्ना चरणदास महंत, संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव, एम्स की डॉ. अनुदिता जी व डॉ. अर्चना जी, विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी आलोक शुक्ला जी, एमडी एनएचएम डॉ प्रियंका शुक्ला जी समेत विभाग के गणमान्य सदस्य एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन