Ghansyam Sharma / Wed, Aug 6, 2025 / Post views : 178
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला ठेकेदार एसोसिएशन कोण्डागांव ने एक बार फिर जिले के ठेकेदारों के लंबित भुगतान को लेकर नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग (भवन/सड़क) संभाग कोण्डागांव के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जिले के समस्त ठेकेदारों के बजट वर्क, एस.आर. वर्क और अन्य योजनाओं का भुगतान वर्षों से लंबित है, जिसके कारण ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष देवांगन और सचिव अमृत पटेल ने बताया कि जिले में ठेकेदारों ने विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्य समय पर पूरे किए हैं। अधिकांश ठेकेदारों ने उधार में सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों का इंतजाम कर कार्य किया है। लेकिन विभागीय भुगतान समय पर न होने से उनकी आर्थिक स्थिति डांवाडोल हो गई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई ठेकेदार अपने मजदूरों और सप्लायरों को भुगतान करने में असमर्थ हो रहे हैं।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर लंबित भुगतान की व्यवस्था नहीं की गई तो ठेकेदार विवश होकर कार्य बंद करने के साथ-साथ आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इससे जिले में चल रहे निर्माण कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। ठेकेदार संघ ने कहा कि सरकार और विभाग को इस मसले को गंभीरता से लेना चाहिए ताकि ठेकेदार वर्ग को राहत मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन