Ghansyam Sharma / Sun, Sep 13, 2026 / Post views : 147
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने रविवार को माकड़ी विकासखंड के ग्राम तितना में शासकीय उद्यान रोपणी के लिए प्रस्तावित 4.5 हेक्टेयर भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने और विकास कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग को राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत नर्सरी स्थापना की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। प्रस्तावित भूमि पर विकसित भारत-जी राम जी के तहत फलदार पौधों के रोपण के लिए नर्सरी विकसित करने की योजना है। उन्होंने नर्सरी के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने गांव में बैठक आयोजित कर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को माली प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि नर्सरी के संचालन में स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। इससे क्षेत्र में पौध उत्पादन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने माकड़ी क्षेत्र में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने शासकीय महाविद्यालय माकड़ी के निर्माणाधीन भवन और ग्रंथालय भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद ग्राम रांधना में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के निर्माणाधीन भवन की प्रगति देखी और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्राम कोटवेल में विद्युत उपकेंद्र के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विद्युत, वन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक करुणा कश्यप, सहायक उद्यानिकी अधिकारी लोकेश्वर ध्रुव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन