Ghansyam Sharma / Sat, Sep 13, 2025 / Post views : 696
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार शनिवार को जिला न्यायालय परिसर कोण्डागांव में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किरण चतुर्वेदी ने माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला मुख्यालय के चारों न्यायालयों के साथ ही केशकाल और नारायणपुर की खण्डपीठों तथा राजस्व न्यायालयों में सैकड़ों मामलों को सुनवाई हेतु रखा गया। दिनभर चली कार्यवाही में कुल 8,518 प्रकरणों का निराकरण हुआ। आपसी राजीनामे और सुलह–समझौते से पारित इन मामलों में कुल ₹2,94,89,696/- की राशि का अवार्ड जारी किया गया।
प्रमुख प्रकरणों का विवरण
बैंक रिकवरी – 1,384 प्रकरण, ₹60.61 लाख
मोटर दुर्घटना दावा – 14 प्रकरण, ₹1.50 करोड़
बिजली बिल – 1,691 प्रकरण, ₹13.63 लाख
ट्रैफिक चालान – 1,346 प्रकरण, ₹48.23 लाख
राजस्व प्रकरण – 3,047 निराकृत
नगर पालिका प्रकरण – 745, ₹3.39 लाख
अन्य सिविल, दूरसंचार, चेक बाउंस व आपराधिक मामलों का भी निपटारा किया गया।
विशेष रूप से एक सड़क दुर्घटना मामले में पीड़ित पक्ष को बीमा कंपनी से ₹19.50 लाख मुआवजा दिलवाया गया।
सामाजिक पहल
लोक अदालत के दौरान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें दूरदराज से आए पक्षकारों का बीपी और शुगर जांच की गई। वहीं अधिकार मित्रों द्वारा शॉर्ट फिल्म दिखाकर विधिक जागरूकता भी की गई। न्यायालयों ने समाधान प्राप्त करने वाले पक्षकारों को “न्याय वृक्ष” स्वरूप काजू, जामुन, आंवला आदि पौधे भेंट किए, जिससे न्याय के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन