Ghansyam Sharma / Sun, May 30, 2021 / Post views : 140
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरा होने पर कांग्रेस ने पोस्टर जारी करके सवाल किया है। इसमें नोटबंदी से लेकर जीएसटी और कोरोना संक्रमण में लोगों की मौत पर सवाल पूछे गए हैं। कांग्रेस संचार प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि 2014 और 2019 में नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को सपने दिखाए और कहा कि 130 करोड़ भारतवासियों के लिए एक 'नया भारत" बनेगा।
मगर, जमीनी हकीकत बताती है कि मोदी का 'नया भारत" तो दरअसल पुराने भारत की तुलना में शर्मिंदा करने वाला है। मोदी ने सात वर्षों में देश को ऐसी जगह पहुंचा दिया है, जहां हर पैमाने पर भारत की छवि एक विफल राष्ट्र की तरह उभरी है। साल 2014 में जहां मोदी की छवि एक उम्मीद जगाने वाले व्यक्ति की थी, वही मोदी की छवि अब देश को समस्याओं और निराशा के गर्त में धकेलने वाले व्यक्ति में बदल चुकी है।
वोटर मांगे हिसाब, जवाब दो
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय ने 15 सवालों के साथ पोस्टर जारी किया है। इसमें नोटबंदी, कालाधन, पेट्रोल-डीजल की कीमतों के साथ बढ़ती महंगाई को लेकर सवाल किया गया है। वोटर मांगे हिसाब पोस्टर को उपाध्याय ने देश का टूलकिट करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं में दम है, तो इन सवालों का जवाब दें। पीएम मोदी और उनकी टीम ने एक सुनियोजित तरीके से इंटरनेट मीडिया के जरिये अपनी खुद की एक छवि गढ़ी और आज उसी इंटरनेट मीडिया पर उस बनावटी छवि को ध्वस्त होता देश देख रहा है।
उन्होंने बताया कि 15 सवालों वाले पोस्टर को गांव और शहर में 10 लाख परिवारों तक पहुंचाया जाएगा। दीवारों में चिपकाकर वोटर को इस बात का एहसास दिलाया जाएगा कि मोदी सरकार ने इसका क्या किया। विकास ने कहा कि मोदी सरकार की नाकामियों को एक-एक मतदाता तक पहुंचाने प्रदेशभर का दौरा करुंगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन