Ghansyam Sharma / Fri, Aug 29, 2025 / Post views : 178
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुक्रवार को 12वें दिन भी कोण्डागांव के डीएनके मैदान में जारी रहा। नियमितीकरण, ग्रेड पे निर्धारण और 27% लंबित वेतनवृद्धि सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर के 16,000 से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर डटे हैं, जिनमें कोण्डागांव जिले के लगभग 581 कर्मचारी शामिल हैं।
धरना स्थल पर कर्मचारियों ने नाटक, गीत, योग और व्यायाम के जरिए सरकार से अपने वादे पूरे करने की मांग की। जिलाध्यक्ष कृष्णा पटेल ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले वर्तमान सरकार ने नियमितीकरण का वादा किया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हड़ताल के दौरान किसी कर्मचारी पर कार्रवाई होती है तो आंदोलन और उग्र होगा।
लगातार हड़ताल के चलते जिले में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। जिला अस्पतालों में इलाज ठप है और ग्रामीण क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह बंद हैं, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। मजबूरन लोग निजी अस्पतालों का सहारा ले रहे हैं।
धरना स्थल पर कर्मचारियों ने बस्तर जिले के संविदा कर्मचारी अमरदीप मरकाम (विकासखंड लेखा प्रबंधक) के निधन पर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन