Ghansyam Sharma / Fri, Nov 7, 2025 / Post views : 205
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
लंबित अपराधों के शीघ्र निकाल, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में समस्त अनुविभागीय अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली।
बैठक में एसपी ने थाना क्षेत्रों में दर्ज महिला एवं बाल अपराध, गुम इंसान, मर्ग एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जिन मामलों में आरोपी अन्य राज्यों के हैं, वहां टीम भेजकर गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए।
एसपी चन्द्रा ने थाना प्रभारियों को फरियादियों के साथ मित्रवत व्यवहार करने और शिकायतों की तत्काल सुनवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत आम जनता के बीच जाकर समस्याओं का समाधान किया जाए तथा चलित थाना लगाकर नशामुक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, बैंक फ्रॉड व यातायात नियमों पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
बैठक में एसपी ने आदेश दिया कि पुलिस की विजिबल उपस्थिति बनाए रखते हुए प्रतिदिन सुबह और शाम, विशेषकर स्कूल-कॉलेज खुलने और छुटने के समय पेट्रोलिंग की जाए। चोरी की घटनाओं पर रोकथाम के लिए प्वाइंट ड्यूटी लगाने भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक मृत्यु के मामलों में मृतक के परिजनों को शासन से मिलने वाली सहायता राशि जल्द दिलाई जाए। प्रत्येक थाना प्रभारी अपने रूटीन कार्यों का दैनिक चेकलिस्ट बनाकर नियमित मॉनिटरिंग करें।
धान खरीदी सीजन की शुरुआत को देखते हुए एसपी ने सरहदी थाना क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब, जुआ-सट्टा व खुड़खुड़िया गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा मुसाफिरों व किरायेदारों की नियमित जांच करने को कहा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल (मुख्यालय), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) रूपेश कुमार डांडे, एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) के.पी. मरकाम सहित सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन