Ghansyam Sharma / Tue, Jun 22, 2021 / Post views : 140
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में के किरंदुल रेलखंड में रविवार को मालगाड़ी से एक बच्ची टकरा गई. इसके बाद चालक दल को जान बचाने के लिए ट्रेन को खड़ी कर जंगल में भागना पड़ गया. इस दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक मालगाड़ी जंगल में खड़ी रही. इसके चलते दोनों स्टेशनों के बीच रेल आवागमन बंद रहा.
दरअसल, बचेली से लौह अयस्क भरकर विशाखापट्नम जा रही मालगाड़ी के सामने सुबह करीब 10 बजे अचानक 6 साल की एक बच्ची आ गई. बच्ची को रेलपटरी पर अचानक देख बचाने के लिए चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाए, लेकिन बच्ची इंजन से टकरा गई. घटनास्थल के पास आबादी और नक्सल प्रभावित इलाका होने से चालक दल घटना के बाद दहशत में आ गया.
वहां लोगों को एकत्रित होते देख मारपीट के भय से मालगाड़ी छोड़कर चालक, सहचालक और गार्ड भाग गए. घटना के एक घंटे बाद सुरक्षा बल और गीदम थाने से पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. इनके पहुंचने के बाद डेढ़ घंटा बाद चालक दल पहुंचा, लेकिन घटनास्थल की बजाय डाकपाल स्टेशन में जाकर चालकों ने शरण ली. इस दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक मालगाड़ी जंगल में खड़ी रही. इसके चलते दोनों स्टेशनों के बीच रेल आवागमन बंद रहा.
घटना के तुरंत बाद डाकपाल स्टेशन के कर्मचारियों ने एक निजी वाहन से बच्ची को इलाज के लिए 12 किलोमीटर दूर गीदम अस्पताल पहुंचाया. बाद में बेहतर इलाज के लिए बच्ची को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया था. बच्ची की हालत सामान्य होने से हॉस्पिटल से बच्ची को डिस्चार्ज कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि बच्ची की मां किसी काम से रेल पटरी के समीप आई थी. इस बीच मां का ध्यान हटा तो बच्ची पटरी पर पहुंच गई. उसी दौरान माल गाड़ी के आने से बच्ची को चोट लग गई.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन