Ghansyam Sharma / Sun, Nov 30, 2025 / Post views : 208
केशकाल। पत्रिका लुक ( नरेंद्र सेठिया)
विश्रामपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनपुर में शनिवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई, जहां कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राएं अचानक लापता हो गईं। दोनों बच्चियां सुबह रोज़ की तरह स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। परिजनों ने जब बच्चों के स्कूल और आसपास जानकारी ली तो किसी को उनके बारे में कुछ पता नहीं चला, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।


बच्चियों के घर न लौटने की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में चिंता का माहौल बन गया। परिजन, ग्रामीण और स्थानीय लोग मिलकर बच्चियों की खोज में इधर–उधर भटकते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। अंततः परिजनों ने विश्रामपुरी थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही विश्रामपुरी पुलिस तुरंत हरकत में आई और खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बच्चियों के अंतिम संभावित रूट को चिन्हित करते हुए केशकाल–विश्रामपुरी मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू किया है। आसपास के दुकानों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों के कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि बच्चियों की किसी तरह की गतिविधि का सुराग मिल सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक बच्ची स्कूल यूनिफॉर्म में थी जबकि दूसरी बच्ची सिविल ड्रेस में स्कूल परिसर से बाहर निकली थी, जिससे पुलिस उनके स्कूल के बाद के मूवमेंट का ब्योरा खंगाल रही है। पुलिस टीम संभावित स्थानों, बस स्टैंड, बाजार, जंगल मार्ग और आसपास के गांवों में भी सक्रिय रूप से तलाश कर रही है।
इधर परिजन रो–रोकर बच्चों की सकुशल वापसी की गुहार लगा रहे हैं। ग्रामीणों ने भी पुलिस से खोज अभियान तेज करने की मांग की है। वहीं पुलिस भी हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल दोनों छात्राओं का कोई पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस की तलाश जारी है। पूरा मामला विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम सोनपुर का है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन